______ सीपीआईएम ने किया एक परीक्षा एक दिन में कराने की युवाओं की मांग का समर्थन
लखनऊ!
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के उत्तर प्रदेश राज्य सचिव मण्डल ने अपने एक बयान में प्रयागराज में पीसीएस प्री तथा आर ओ, ए आर ओ की परीक्षा एक ही दिन में कराने की मांग कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार को एक दिन में परीक्षा आयोजित करने में क्या परेशानी है। यूं तो सरकार आये दिन अपनी क्षमता की डींगें हांकती है और विकास की गाथायें गाती है। ऐसे में परीक्षा एक दिन में कराने में उसे कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप कर छात्रों की मांगों को पूरा करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं की पारदर्शिता व निष्पक्षता कई सालों से संदेह के घेरे में रही है। उसे देखते हुए छात्रों की मांग उचित लगती है। सचिव मण्डल ने यह भी मांग की है कि शांति पूर्ण तरीके से छात्रों द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन पर बल प्रयोग करना अलोकतांत्रिक है यह तत्काल बंद किया जाय। इसके दोषियों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाने की आवश्यकता है।
