______ दलित दमन को रोकने हेतु लगा धरना, पीड़ित बेघर कल करेंगे जेल भरो सत्याग्रह …!!!
श्रीगंगानगर /राजस्थान !!
लम्बे वक्त से कभी पीने का पानी , तो कभी रोड लाइट बन्द कर गरीब दलितों को तंग परेशान कर रहे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही के लिए पीड़ितों ने आज पुन: आईडीपी के तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया और कल मंगलवार को जेल भरो सत्याग्रह करेंगे । सद्भावना नगर में झुग्गी झोंपड़ियों में निवास कर रहे गरीब दलित बेघर परिवारों के इन पीड़ितों ने जीवन और समता का अधिकार मांगते हुए अति. जिला कलेक्टर सतर्कता को दिए ज्ञापन में शरारती तत्वों द्वारा दुराश्य पूर्ण दलितों को पेयजल से वंचित करने के लिए सार्वजनिक पार्क से पानी भरने से रोकने के लिए तालाबंदी करने , डराने , प्रताड़ित करने , बस्ती और मुख्य मार्ग की रोड लाइट काटने के विरुद्ध कार्यवाही करने और पेयजल सहित जीने की स्थितियां उपलब्ध करवाने की मांग की ।
ये पीड़ित जन मंगलवार को जेल के समक्ष जुटते हुए अपनी गिरफ्तारियां देंगे और उक्त मांगों के अतिरिक्त 2022 में राज्य सरकार से हुई अपनी जयपुर सहमति को लागू कर इन बेघरों को घर देने के मांग पत्र पेश करेंगे । आज के सत्याग्रह में आईडीपी नेता आत्मा सिंह , जिलाध्यक्ष एडवोकेट रघुवीर चौहान , गणपत सिंह , तहसील अध्यक्ष धीरेंद्र शर्मा , चौधरी राम सिंह , मंजू देवी , मनीषा मेघवाल , श्रवण मोची , धनेश मण्डल , राजेश कुमार , दीपक दास , पप्पू दास , बिल्टू दास, विमला नायक , सहित बड़ी संख्या में पीड़ित जन शामिल रहे । आईडीपी ने इलाके के गरीबों , दलितों , बेघरों और मानवाधिकारों के पैरोकारों का आह्वान् किया है कि वे सब मंगलवार को प्रात: 10 बजे अधिकाधिक संख्या में कलेक्ट्रेट पर जेल के समक्ष पहुँचें ।
