_______ हिंदू- मुस्लिम, हिन्दू- मुस्लिम से लोगों का मन बहलाने का काम कर रही है गोदी मिडिया….!!
________ईश्वर हर देश को ऐसा मीडिया दे,ताकि देश बचे न बचे, सरकार तो कम से कम बची रहे…!!
नई दिल्ली. .!!
वो तो ऊपर वाले की मेहरबानी से इस देश में गोदी मीडिया जिंदाबाद है और वह सरकार के सूचना प्रसारण विभाग का दायित्व स्वेच्छा से संभाले हुए है, हिंदू- मुस्लिम, हिन्दू- मुस्लिम से लोगों का मन बहलाए रहता है वरना देश की सरकार के सामने बड़ा संकट उपस्थित हो जाता।
कांग्रेस की सरकार अगर आज केंद्र में होती और हालात ये होते तो उसका बैंड कभी का बज चुका होता। ईश्वर हर देश को ऐसा मीडिया दे,ताकि देश बचे न बचे, सरकार तो कम से कम बची रहे!
अब देखिए न, पिछले महीने के आखिरी दिन यानी कल शेयर बाजार में भूकंप आ गया और इतिहास की दूसरी बड़ी गिरावट सामने आ गई। सेंसेक्स लगातार गिरता जा रहा है। विदेशी मुद्रा भंडार खाली होता जा रहा है। विदेशी निवेशकों के साथ मार तमाम इन्वेस्टमेंट समिट के बावजूद देशी निवेशकों का भरोसा भी देसी बाजार से उठता जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष कह रहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था डांवाडोल है।भू राजनीतिक स्थितियां खराब है।घरेलू मांग घट रही है। नीतिगत विकलांगता ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। जीडीपी के बढ़ने का झुनझुना दिखाने से कुछ न होगा। विकसित भारत महज एक सपना है। अर्थव्यवस्था की जो हालत है, उसमें विकसित भारत महज़ एक लुभावना नारा है।इस देश में भले आज 8.6 लाख करोड़पति हों और 185अरबपति हों, इससे अर्थव्यवस्था का कोई खास भला नहीं होता।
लेकिन ईश्वर की कृपा से इससे देश में महाकुंभ संपन्न हो चुका है। डेढ़ महीने लोगों का मन उधर लगा रहा।सफल है , सबल है के ढोल- मजीरे गोदी मीडिया बजाता रहा।अब होली आ रही है।उसके रंग में लोग रंगे रहेंगे।फिर कुछ और आ जाएगा,फिर कुछ और।आएगा नहीं तो लाया जाएगा।मुसलमानों के घर और दुकान तोड़ने का उत्सव तो हर दिन चल ही रहा है। महाकुंभ के बाद अब मस्जिदों के नीचे मंदिर निकालने का काम जोर पकड़ेगा। उधर मीडिया मखाना विमर्श में मस्त रहेगा।
इधर सरकार और उसके अर्थशास्त्री कहते रहेंगे परेशान होने की जरूरत नहीं, तीसरी तिमाही में विकास दर 6.2 फीसदी रही है, अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है। प्रधानमंत्री आदि 2047 का भजन गाते रहेंगे। विश्व बैंक भले कहती रहे कि जब तक राष्ट्रीय आय वर्तमान स्तर से आठ गुना नहीं बढ़ेगी, विकास दर 7.8 प्रतिशत की गति से नहीं बढ़ेगी, तब तक भारत विकसित देश नहीं बनेगा कहती रहे कोई न कोई कहता ही रहता है कहे कौन उनकी परवाह करता है!जब तक जयश्री राम है, भारत देश महान है।
……….. विष्णु नागर की वाल से…!!!
