_____ बीजेपी में कथित कलह को लेकर अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना
_____ सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप शासन-प्रशासन के फेल होने का किया दावा
_____ यूपी बीजेपी में चल रहे घमासान को लेकर अब अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग आपस में लड़ रहे हैं। सरकार कमजोर हो गई और एडमिनिस्ट्रेशन खत्म हो गया है।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कुर्सी की लड़ाई में जनता बहुत परेशान है। एक महिला न्याय मांगने गई और उसने आत्महत्या कर ली, वहां की पुलिस, स्थानीय प्रशासन क्या कर रहा था? विधायक आरोप लगा रहे, मुख्यमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि दलाली हो रही है।
अखिलेश यादव ने यूपी में चल रहे बुल्डोजर को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- “सरकार में यह कमजोर पड़े हैं इसलिए इन्होंने अपना ध्वस्तीकरण का फैसला टाला है, यह सिर्फ टाला है, हमेशा हमेशा के लिए खत्म नहीं हुआ है। शिक्षकों की जो ऑनलाइन अटेंडेंस थी वह स्थगित नहीं निरस्त हो। भाजपा के लोगों ने कुर्सी की लड़ाई में पूरा एडमिनिस्ट्रेशन खत्म कर दिया।”
अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा कि ”भाजपा की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में, उप्र में शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है। तोड़फोड़ की राजनीति का जो काम भाजपा दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम वो अपने दल के अंदर कर रही है, इसलिए भाजपा अंदरूनी झगड़ों के दलदल में धंसती जा रही है। जनता के बारे में सोचने वाला भाजपा में कोई नहीं है।”
लखनऊ में अखिलेश यादव ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए वही पार्टी कार्यकर्ताओं से उपचुनाव के लिए जी जान से तैयारी करने की नसीहत दी इस मौके पर सारे प्रदेश से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर मौजूद रहे!