*लोकतंत्र में जनता की आवाज कितनी बुलंद?*
*सत्ता का असली सिंहासन जनता के विश्वास पर टिका होता है।*
*आरपी यादव/ब्यूरो बिहार*
बिहार। लोकतंत्र केवल चुनाव, सत्ता और सरकार बनाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं, अधिकारों और असहमति को सम्मान देने का नाम है। इसकी असली ताकत संसद की ऊंची दीवारों में नहीं, बल्कि उस आम नागरिक की आवाज में बसती है, जो व्यवस्था से सवाल पूछने का साहस रखता है।
आज सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जनता की आवाज सत्ता के गलियारों तक पहुंच रही है? क्या जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह हैं? क्या गरीब, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्ग के सवालों को उतनी ही गंभीरता से सुना जाता है, जितने गंभीरता से चुनाव के समय उनके वोट मांगे जाते हैं?
लोकतंत्र में सवाल पूछना विरोध नहीं, जागरूक नागरिक होने की पहचान है। असहमति लोकतंत्र की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी जीवंतता का प्रमाण है। जिस दिन सत्ता सवालों से असहज होने लगे और जनता अपनी आवाज उठाने से डरने लगे, उस दिन लोकतांत्रिक मूल्यों पर चिंता स्वाभाविक है।
याद रखना होगा सत्ता स्थायी नहीं होती, जनता सर्वोपरि होती है। लोकतंत्र में कुर्सी की नहीं, जनविश्वास की कीमत होती है। क्योंकि मजबूत लोकतंत्र वही है, जहां जनता केवल सरकार चुनती नहीं, बल्कि सरकार से जवाब भी मांगती है।
