**फिलिस्तीन में इजरायली हमले के खिलाफ दिल्ली में कन्वेंशन*
दिल्ली,25 अगस्त जन अभियान- दिल्ली द्वारा ‘इजरायली हमला और फिलीस्तीन मुक्ति संघर्ष की चुनौतियां’ विषय पर गढ़वाल भवन में एक कन्वेंशन का आयोजन किया गया। यह कन्वेंशन फिलिस्तीन में जारी इजरायली हमले के खिलाफ किया गया था। गत वर्ष 7 अक्टूबर से लेकर अब तक इजरायली सेना ने अत्याधुनिक हथियारों और विध्वंसक हवाई बमबारी के द्वारा गाज़ा पट्टी को जमींदोज कर दिया है। गाज़ा पट्टी जिसमें 23 लाख से अधिक नागरिक आबाद थे, उनके 4 लाख से अधिक घरों को नेस्तनाबूद कर दिया गया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में इजरायली सेना ने अपने अत्याधुनिक हथियारों से अब तक 40,500 से अधिक फिलिस्तीनी लोगों को मार दिया है। इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या दो तिहाई से अधिक है। 20,000 से अधिक लोग लापता है तथा एक लाख से अधिक लोग घायल हैं। फिलिस्तीनियों का कत्लेआम और उनको भगाने की कार्रवाई लगातार तेजी से जारी है।
मजदूर-मेहनतकश और छोटे-मोटे व्यवसाय करने वाले लाखों लोगों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है। वे लोग शरणार्थी शिविरों में बहुत ही खराब कंडीशन में रह रहे हैं। इनका जीवन पूरी तरह राहत सामग्री पर निर्भर है। शरणार्थी शिविरों में भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यहां 80% से अधिक लोग जिनमें महिलाएं बच्चों की संख्या अधिक है, कुपोषण और बीमारी के शिकार हैं।
कन्वेंशन में जन अभियान- दिल्ली के घटक संगठनों के सदस्य-कार्यकर्ताओं सहित कई बुद्धिजीवी, प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। कन्वेंशन में फिलिस्तीनी लोगों पर इजरायली सेना द्वारा की जा रही अमानवीय सैनिक करवाई की कठोर शब्दों में निंदा की गई। कन्वेंशन में वक्ताओं ने इजरायली शासकों को अत्याचारी, कब्जाकारी व फिलिस्तीनियों का हत्यारा बताया। हमास और उसके लड़ाकों को खत्म करने के नाम पर इजरायली सेना की कार्रवाई का असल मकसद फिलीस्तीन की जमीन पर पूर्ण नियंत्रण करना है। उसका मकसद वहां के मूल निवासियों को गुलामों की तरह दोयम दर्जे का नागरिक बनाना है अथवा उनको उनकी जमीन से भगा देना है।
इजराइल का फिलिस्तीनियों पर ऐसा भयानक और अमानवीय आक्रमण पहली बार नहीं हुआ है बल्कि 1948 में जब फिलिस्तीन की धरती पर इजराइल नाम के देश को बसाया गया, तभी से साम्राज्यवादी अमेरिकी-ब्रिटिश शासकों की मदद से इजरायली सेना ने फिलिस्तीनियों पर अत्याचार शुरू कर दिया था। इजरायल ने अनेकों बार फिलिस्तीनियों पर हमला करके न केवल वहां के लाखों नागरिकों की हत्याएं की है बल्कि हर बार उनकी जमीन को कब्जा करता रहा है। इजराइल ने फिलीस्तीनी महिलाओं और उनके बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न से लेकर भांति भांति के भयंकर अमानवीय अत्याचार को अंजाम दिया है। अत्याचारी जियोनवादी इजरायल के खिलाफ हर फिलिस्तीन के दिल में नफरत की ज्वाला जल रही है।
इसी का परिणाम था कि हमास के 3 हजार से अधिक फिलिस्तीनी लड़ाकों ने अपने हथियारों से 7 अक्टूबर, 2023 को इजरायली सेना और सैनिकों के साथ काम करने वाले नागरिकों पर अप्रत्याशित हमला कर दिया था। इस हमले में हमास ने लगभग 700 से अधिक सैनिकों सहित लगभग 1200 लोगों की हत्या कर दी थी तथा लगभग 250 नागरिकों को बंधक बना लिया था। कुछ निर्दोष नागरिक भी हमास की इस कार्रवाई का शिकार बनें हैं। यह हमला इजराइल और अमेरिका के लिए आतंकित करने वाला अप्रत्याशित हमला था। वक्ताओं ने बताया कि हमास की विचारधारा, उसकी कार्रवाई से कोई भी व्यक्ति- संगठन जिसमें हम भी शामिल हैं अनुचित एवं आतंकवादी कार्रवाई कह सकता है। लेकिन यह बात बिल्कुल सही है कि हमास की कार्रवाई फिलिस्तीन पर इजरायली शासकों का नियंत्रण व अत्याचार के खिलाफ फिलिस्तीन को आजाद कराने के उद्देश्य से की गई है। हमास द्वारा की गई कार्रवाई पर फिलिस्तीनी जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। फिलिस्तीनी जनता हर हाल में इजरायली गुलामी से आजाद होना चाहती है।
दुनिया भर में मजदूर-मेहनतकश और इंसाफ पसंद लोग हमास की कार्रवाई के लिए इजरायली शासकों और उसके आका अमेरिका को ही जिम्मेदार बता रहे हैं। अमेरिका की निगाह अरब देशों में मौजूद प्राकृतिक तेल भंडार पर है। वह इजरायल के माध्यम से पूरे मध्य पूर्व और अरब देशों पर अपना नियंत्रण कायम करने की मंशा से काम कर रहा है।
कन्वेंशन में इस बात को रेखांकित किया गया कि जब तक पूंजीवादी-साम्राज्यवादी शोषण धरती पर मौजूद रहेगा, तब तक मजदूरों-मेहनतकशों, कमजोर राष्ट्रीयताओं एवं कमजोर राष्ट्रों का शोषण-दमन तथा उनको कुचलने की कार्रवाई लूटेरे शासकों द्वारा लगातार चलती रहेगी। आज समाज में मौजूद गरीबी,भुखमरी तथा भांति भांति के पाशविक अपराध और नस्लीय,धार्मिक और क्षेत्रीय आधार पर चलने वाले युद्धों के पीछे पूंजीवादी -साम्राज्यवादी शासक जिम्मेदार हैं। शोषण पर आधारित पूंजीवादी-साम्राज्यवादी शासन व्यवस्थाओं को खत्म कर ही दुनिया भर में मौजूद तमाम सामाजिक समस्याओं और अमानवीय युद्धों को खत्म किया जा सकता है। ऐसा करके ही समूचे मानव समाज और प्रकृति को बचाया जा सकता है। इस काम को अंजाम देने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी मजदूर मेहनतकशों के कंधों पर है। क्योंकि लूट और युद्ध का दर्द और पीड़ा सबसे ज्यादा उन्ही को भुगतनी पड़ रही है। फिलिस्तीन समस्या का समाधान भी दुनिया भर के मजदूरों-मेहनतकशों की पहल के बिना सम्भव नहीं है। हर हाल में मजदूरों मेहनतकशों को आगे आना होगा।
जन अभियान-दिल्ली राजधानी में मजदूर मेहनतकशों के बीच काम करने वाले संगठनों का एक साझा मंच है। इस मंच को बनाने में इंकलाबी मजदूर केंद्र, डेमोक्रेटिक पीपुल्स फ्रंट, लोक पक्ष, मजदूर सहयोग केंद्र, शहीद भगत सिंह छात्र नौजवान सभा, भाजपा (माले) मास लाइन तथा बेरोजगार मजदूर किसान यूनियन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कन्वेंशन में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें निम्नलिखित मांगें प्रस्तावित हैं-
1. गाजा पट्टी में फिलीस्तीन जनता पर भयानक हमले व जनसंहार पर तत्काल रोक लगे तथा वहां से इजरायली सेना का नियंत्रण खत्म जाए।
2. जमीनदोज किए गए सभी घरों,स्कूलों,अस्पतालों इत्यादि का पुनर्निर्माण कर तथा पानी, बिजली एवं अन्य जरूरी सामग्रियों की सप्लाई कर यथाशीघ्र शिविरों में रह रहे नागरिकों को वहां आबाद किया जाए। इसकी पूरी कीमत इजरायल से वसूल की जाए।
3. गाज़ा पट्टी,वेस्ट बैंक और जेरूसलम के फिलिस्तीनी क्षेत्र में 1967 के बाद बसाई गई इजरायली बस्तियों एवं सेना की चौकियों को हटाकर सेना की निगरानी को समाप्त किया जाए।
4. भारत सरकार अपनी विदेश नीति के अनुरूप फिलीस्तीन मुक्ति संघर्ष का खुला समर्थन करे तथा इजरायली हमले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र संघ में आवाज़ उठाएं।
5. भारत सरकार इजरायल एवं अमेरिका के साथ अपने सभी सैनिक समझौतों को रद्द करे तथा वहां किसी भी तरह के हथियारों की आपूर्ति बंद करे।
6. भारत सरकार अपने देश से इजरायली शासकों के लिए मजदूरों की सप्लाई बंद करे तथा मजदूरों की सप्लाई वाले किसी भी तरह के विज्ञापन पर रोक लगाए।
7. संयुक्त राष्ट्र संघ और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इजरायली गुलामी से फिलीस्तीन को आजाद कराने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाएl